February 11, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

रुद्रपुर के बाद दून में अवैध मजार पर गरजा बुल्डोजर

देहरादून। रूद्रपुर के बाद देहरादून में अवैध मजार पर धामी सरकार का बुल्डोजर गरजा है। दून अस्पताल में बनी अवैध मजार को लेकर सीएम पोर्टल पर दर्ज शिकायत की प्रशासनिक जांच के बाद देर रात मजार को बुल्डोजर से ध्वस्त कर दिया गया । ये मजार सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाई गई थी। ध्वस्त की गयी अवैध मजार के मलबे से कोई अवशेष नहीं मिले। जानकारी के मुताबिक सीएम हेल्प लाइन पोर्टल पर ऋषिकेश निवासी पंकज गुप्ता की ओर से ये शिकायत दर्ज किए जाने के बाद डीएम देहरादून द्वारा इस विषय पर एक कमेटी गठित की गई थी। समिति में उप जिलाधिकारी को भूमि संबंधी दस्तावेजों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। जिनके द्वारा राजस्व, नगर निगम, अस्पताल प्रशासन और अन्य विभागों के अधिकारियों को समिति में शामिल किया गया । दून अस्पताल की मजार अवैध है या नहीं सरकारी भूमि पर है अथवा नहीं ? इसके निर्माण संबंधी अनुमति ली गई थी अथवा नहीं ? इस बारे में बारीकी से जांच की गई और इसके बाद यहां के खादिम को नोटिस जारी किया गया था। इस मजार को लेकर देहरादूनवासियों में तरह तरह की चर्चाएं भी होती रही है। कोई इसे फकीर तो कोई इसे किसी अन्य तरह की मजार बताता रहा है। यहां बैठे खादिम अस्पताल के मरीजों के बीच जाकर इबादत करवाने का काम करते थे, जिससे अस्पताल प्रशासन भी परेशान रहता था। बताया जाता है कि अवैध रूप से बने इस धार्मिक संरचना से कई लोग अपना कारोबार चला रहे थे। बताया जाता है कि अस्पताल प्रशासन ने भी उपचार के दौरान आ रहे व्यवधान पर शासन को पत्र लिखकर इसे यहां से हटाने की मांग की थी। जिसके बाद प्रशासन की टीम ने देर रात अस्पताल मार्ग को सील कर पुलिस फोर्स तैनात कर ध्वस्तीकरण को अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *