February 11, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

आतंकियों को बख्शा नहीं जाएगा : पहलगाम में दो विदेशी पर्यटकों समेत 28 लोगों की मौत,17 घायल

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पहलगाम में घटनास्थल का जायजा लिया
श्रीनगर उद ब्यूरो । जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार की दोपहर आतंकियों ने पर्यटकों पर हमला किया जिसमें दो विदेशी पर्यटकों समेत 28 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। हमले की जिम्मेदारी कश्मीर में आतंक का नया पर्याय बने लश्कर- ए-तैयबा के हिट स्क्वॉड द रजिस्टेंस फ्रंट टीआरएफ ने ली है। आतंकी हमले के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज पहलगाम में घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं पीएम मोदी भी सऊदी अरब की यात्रा से भारत लौट आए हैं। संभावना है कि वह आज जम्मू-कश्मीर जाएं। अमित शाह ने आतंकी वारदात को लेकर कहा कि इस जघन्य आतंकी हमले में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और हम अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करेंगे और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा देंगे। गृह मंत्री ने सभी एजेंसियों के साथ सुरक्षा समीक्षा बैठक की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा भारत आतंक के आगे नहीं झुकेगा। इस नृशंस आतंकी हमले के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं जांच एजेंसियों ने बुधवार को इस वीभत्स हत्याकांड में .शामिल 3 आतंकवादियों के स्केच जारी किए गए हैं। इस वीभत्स आतंकवादी हमले में आसिफ फौजी, सुलेमान शाह और अबू तल्हा के शामिल होने का संदेह है। शुरूआती जांच में सामने आया है कि आतंकियों की संख्या 6 थी। दो आतंकियों के पाकिस्तानी होने की भी जानकारी सामने आयी है। जम्मू-कश्मीर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मृतकों के परिवारों के लिए 10-10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों के लिए 2 लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों के लिए 1 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि निर्दाेष नागरिकों के खिलाफ क्रूरता का यह बर्बर और मूर्खतापूर्ण कृत्य हमारे समाज में कोई स्थान नहीं रखता। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। हम खोए हुए अनमोल जीवन पर शोक व्यक्त करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *