February 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

चमोली (उद संवाददाता)। जिले के बिरही-निजमूला मोटर मार्ग पर शुक्रवार रात को बारात की कार खाई में जा गिरी। हादसे में कार में सवार पांच लोगों की मौत हो गई। सभी लोग शादी समारोह से लौट रहे थे। हादसा तेज आंधी और बारिश के दौरान हुआ। एसडीआरएफ ने खड़ी चट्टान और खराब मौसम के बीच बमुश्किल शवों को खाई से रेस्क्यू किया। जानकारी के अनुसार हादसा चमोली जिले के कोरेलधार क्षेत्र में बिरही-निजमूला मोटर मार्ग पर हुआ, जहां देर शाम एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के कारण इलाके में विजिबिलिटी बेहद कम थी, जिससे समय पर मदद नहीं पहुंच पाई। बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग निजमूला क्षेत्र से एक शादी समारोह में शामिल होकर हरमनी गांव लौट रहे थे। लेकिन दुर्भाग्यवश, रास्ते में यह हादसा हो गया और पांचों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। पांचों शवों को अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंपा जाएगा।कार सड़क से डेढ़ सौ मीटर नीचे बिरही गंगा में गिरी थी। खड़ी चट्टान होने के कारण बमुश्किल शवों को सड़क तक लाया गया। दो मृतकों की पहचान 46 वर्षीय सुरेंद्र लाल पुत्र लालू और 50 वर्षीय सुरेंद्र लाल पुत्र माधो के रूप में हुई है। बाकी जिन तीन शवों की पहचान नहीं हुई, वे भी पुरुष हैं। तीनों की उम्र 40 से 50 साल के भीतर है। उधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *