February 12, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

उत्तराखंड में पहले मंत्रियों और विधायकों के घरों पर लगेंगे स्मार्ट मीटर

केन्द्र स्तर से हुआ है राज्य में स्मार्ट मीटर लगाने का फैसलाः मीनाक्षी सुंदरम
देहरादून (उद संवाददाता)। बिजली के स्मार्ट मीटर लगाने का जहां एक ओर विरोध तेज होता जा रहा है वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों के सरकारी और निजी आवासों के साथ ही विधायकों और अधिकारियों के आवास पर स्मार्ट मीटर लगाने के निर्देश जारी कर दिये हैं। पत्रकार वार्ता में सचिव ऊर्जा मीनाक्षी सुंदरम ने कहा है कि स्मार्ट मीटर लगाने का फैसला राज्य स्तर पर नहीं बल्कि केंद्र स्तर पर हुआ है। इस मीटर के लगाने से उपभोक्ताओं को फायदा होगा। ऊर्जा सचिव मीनाक्षी सुंदरम ने राज्य में लगाए जा रहे बिजली के प्रीपेड मीटर को लेकर जनता की शंकाओं का समाधान किया है। मीनाक्षी सुंदरम ने कहा है कि राज्य में फिलहाल बिजली के पोस्टपेड मीटर ही लगाए जा रहे हैं। ये मीटर स्मार्ट मीटर हैं और मोबाइल से कनेक्ट हो सकते हैं। उपभोक्ता मोबाइल पर ही अपनी प्रतिदिन की खपत के बारे में जानकारी ले सकता है। मीनाक्षी सुंदरम के मुताबिक फिलहाल जो मीटर विभाग लोगों के घरों में लगा रहा है वो पोस्टपेड मीटर हैं और यदि कोई उपभोक्ता प्रीपेड मीटर लगाता है तो उसे बिजली बिल में चार फीसदी की छूट मिलेगी। मीनाक्षी सुंदरम की माने तो स्मार्ट मीटर लगवाने से उपभोक्ता बिजली की बचत के लिए प्रेरित होंगे। मीनाक्षी सुंदरम के मुताबिक बिजली के मीटर में रीडिंग को लेकर सबसे अधिक शिकायतें आती हैं। ऐसे में नए स्मार्ट मीटर लगने के बाद ये शिकायतें दूर हो जाएंगी। मीनाक्षी सुंदरम के मुताबिक गलत रीडिंग की समस्याएं सीएम के शिकायत पोर्टल पर भी दर्ज की जाती हैं। ऐसे में स्मार्ट मीटर लगने से लोगों को हो रही परेशानी दूर हो जाएगी। जनता के विरोध को देखते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी हस्तक्षेप किया है। सीएम धामी ने निर्देश दिया है कि पहले राज्य के सभी मंत्रियों के सरकारी और निजी आवासों पर स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। सीएम धामी ने प्रमुख सचिव मीनाक्षी सुंदरम को इस संबंध में निर्देशित कर दिया है। खुद सचिव ऊर्जा भी अपने घर पर स्मार्ट मीटर लगवा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *