February 12, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पुलिस कर्मी की सरेआम पिटाई करने के मामले में भाजपा नेता गिरफ्तार, नशे में मिले एएसआई निलंबित

रुद्रपुर (उद संवाददाता)। जगतपुरा में अटरिया रोड पर पुलिस कर्मी की सरेआम पिटाई करने वाले भाजपा नेता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एएसआई पर हाथ उठाने वाले दो अन्य की तलाश की जा रही है। मामले का संज्ञान लेकर एसएसपी ने नशे में मिले एएसआई को भी निलंबित कर दिया है। बता दें शुक्रवार शाम अटरिया मंदिर रोड पर पुलिस लाईन में तैनात एएसआई हरवीर सिंह के साथ भाजपा नेता एवं पार्षद पति राधेश शर्मा सहित कुछ लोगों का विवाद हो गया था, इस दौरान भाजपा नेता सहित कुछ लोगों ने एएसआई की सरेआम पिटाई कर दी। बताया जाता है कि इस दौरान पुलिस कर्मी नशे में था। एएसआई ने भी भाजपा नेता सहित अन्य लोगों के साथ मारपीट और गाली गलौच की। मामला इतने में ही शांत नहीं हुआ। हरवीर सिंह ने मौके पर अपनी वर्दी भी उतार दी इस बीच मौजूद लोगों ने उनके कपड़े भी फाड़ दिये। सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो वायरल हो गया। मामला एसएसपी मणिकांत मिश्रा के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने एएसआई के साथ सरेआम हाथापाई करने वाले भाजपा नेता सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर देर शाम भाजपा नेता राधेश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा पुलिस मौके पर मौजूद दो अन्य लोगों की तलाश कर रही है जिन्होंने वर्दी पहने हुए पुलिस कर्मी की पिटाई की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *