February 12, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सीएम धामी ने त्रिवेणी संगम में लगाई आस्था की डुबकी: सीएम और उनकी पत्नी ने मिलकर माता जी को कराया स्नान

प्रयागराज ( उद ब्यूरो)। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को महाकुंभ में त्रिवेणी संगम पर अपनी माताजी एवं पत्नी और बच्चों के साथ आस्था की डुबकी लगाई। सीएम धामी और उनकी पत्नी गीता धामी ने मिलकर मां को स्नान कराया। इस दौरान उन्होंने मां गंगा से सभी के लिए सुख समृद्धि क कामना की। सीएम धामी ने संगम पर स्नान के फोटो सोशल मीडिया पर भी शेयर किये हैं। सीएम धामी ने कहा कि पुण्य सलिल में माता जी को स्नान कराने का सौभाग्य मिला। यह मेरे जीवन के उन अमूल्य और भावुक क्षणों में से एक है, जिन्हें शब्दों में पिरोना संभव नहीं। उन्होंने कहा कि वेदों, शास्त्रों और पुराणों में उल्लेखित है कि कोई भी जीव माता के ऋण से कभी उऋण नहीं हो सकता क्योंकि माता ही वह प्रथम स्रोत हैं, जिनसे हमारा अस्तित्व जुड़ा हुआ है। माता का स्नेह अनंत, उनकी ममता अपरिमेय और उनका आशीर्वाद अक्षुण्ण होता है। इस दिव्य क्षण में अनुभव हुआ कि माँ केवल जन्मदात्री ही नहीं अपितु सजीव तीर्थ हैं जिनकी सेवा और सम्मान से जीवन के समस्त पुण्य फलीभूत होते हैं। उन्होंने कहा कि यह भावपूर्ण क्षण मेरे लिए सनातन संस्कृति, परंपरा और मातृभक्ति का सजीव स्वरूप बनकर हृदयपटल पर सदैव अंकित रहेगा। उन्होंने कहा कि महाकुंभ शताब्दियों से अपनी अक्षुण्णता बनाए रखते हुए सनातन धर्म की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता के माध्यम से कोटिजनों को धर्म व संस्कृति से जोड़ता आ रहा है। यह केवल आध्यात्मिक चेतना ही नहीं अपितु राष्ट्रीय एकता, अखंडता और विश्व बंधुत्व का प्रतीक है जो मानवता को नैतिक मूल्यों एवं विश्व मंगल की ओर प्रेरित करता है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *