February 4, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पौड़ी में गुलदार का आतंक,स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र किए बंद

कोटद्वार। पौड़ी जिले के प्रखंड रिखणीखाल के अंतर्गत ग्राम गुठेर्ता सहित आसपास के गांवों में एक बार फिर गुलदार का आतंक छा गया है। पिछले दो माह में ऐसा कोई दिन नहीं, जब गुलदार ने क्षेत्र में किसी मवेशी को निवाला न बनाया हो। गुलदार के डर से ग्रामीण सूरज छिपने के बाद घरों में कैद होने को मजबूर हैं। इधर, प्रशासन ने गुलदार के लगातार बढ़ते आतंक के चलते प्रभावित क्षेत्र में पड़ने वाले तेरह विद्यालयों में 22 दिसंबर तक का अवकाश घोषित कर दिया है। प्रखंड रिखणीखाल के अंतर्गत ग्रामसभा गुठेर्ता के तोक ग्राम कोटा में छह वर्षीय आदित्य को गुलदार ने निवाला बना दिया। आदित्य अपनी मां के साथ रक्षा बंधन पर्व के चलते अपने ननिहाल आया था। घटना के बाद हरकत में आए वन महकमे ने गुलदार पकड़ने के प्रयास शुरू कर दिए। विभाग ने क्षेत्र से दो गुलदार पिंजरे में कैद किए, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। लेकिन, अब एक बार फिर क्षेत्रीय जन गुलदार के आतंक के साए में जीने को विवश है। पिछले दो माह से गुलदार ने गुठेर्ता, कोटा, पीपलसारी, बमासू, हिटोली, कंडिया, देवियोंखाल सहित आसपास के गांवों में जबरदस्त आतंक फैलाया हुआ है। ग्रामसभा गुठेर्ता की प्रशासक मीनाक्षी देवी ने बताया कि पिछले दो महीनों में कोई ऐसा नहीं है, जब गुलदार क्षेत्र में किसी मवेशी को निवाला न बना रहा हो। बताया कि गुलदार का आतंक दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है व क्षेत्रीय जन दहशत में जीवन जीने को विवश है। सांझ ढ़लने के साथ ही ग्रामीण घरों में कैद होने को विवश हैं। बताया कि रात में ग्रामीण घरों से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *