February 25, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बाबा केदार के आशीर्वाद से मिली जीत: सीएम धामी ने आशा को दी बधाई, रोड शो निकालकर मनाया जश्न

देहरादून(उद संवाददाता)। केदारनाथ विधानसभा सीट पर मिली जीत से सीएम धामी के साथ ही पार्टी कार्यकर्ता भी गदगद है। कार्यकर्ताओं ने जहां जश्न मनाना शुरू किया वहीं सीएम धामी ने रोड शो कर जनता का आभार व्यक्त किया। सीएम ने कहा कि जनता ने नकारात्मकता को झटका देकर जनता ने विकास पर मुहर लगाई है। केदारनाथ उपचुनाव में प्रचंड जीत के बाद देहरादून में आयोजित विजयी रैली में सीएम धामी शामिल हुए। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने केदारनाथ उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की शानदार विजय पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में वरिष्ठ पदाधिकारियों और कर्मठ कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। सीएम धामी ने कहा कि बाबा केदार के आशीर्वाद से यह गौरवपूर्ण विजय आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व और पिछले 10 वर्षों में हुए अभूतपूर्व विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी नीतियों के प्रति जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है। इस ऐतिहासिक जनादेश ने यह स्पष्ट कर दिया है कि केदारनाथ की देवतुल्य जनता ने कांग्रेस की झूठ, क्षेत्रवाद, जातिवाद और नकारात्मक राजनीति को पूरी तरह से अस्वीकार किया है। आप सभी के समर्थन और विश्वास ने हमें प्रदेश के समग्र विकास और प्रत्येक नागरिक के कल्याण के लिए उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करने की नई ऊर्जा दी है। इस अद्वितीय समर्थन और अपार विश्वास के लिए केदारनाथ की देवतुल्य जनता का हार्दिक आभार। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, प्रदेश महामंत्री ;संगठनद्ध अजेय कुमार सहित भारी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे। भाजपा आशा नौटियाल केदारनाथ के इतिहास में सबसे अधिक वोट पाने वाली प्रत्याशी बन गई है। आशा नौटियाल की जीत पर सीएम धामी ने कहा कि जनता से अपना प्रत्याशी चुन लिया है। सीएम ने कहा कि अब चुनावों में मतदाता नकारात्मक प्रचार के बजाय काम करने वाली सरकारों को दोबारा जनादेश देने से हिचकते नहीं है। केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव परिणाम में भी यही देखने को मिला, केदारनाथ की जनता ने पवित्र धाम और यात्रा को लेकर किए गए कांग्रेस के नकारात्मक प्रचार को नकारते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विकास कार्यों पर मुहर लगाई है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने पूरी तरह नकारात्मक मुद्दों पर फोकस किया। क्षेत्रवाद से लेकर जातिवाद का दांव खुलकर चला गया केदारनाथ धाम से लेकर पूरे यात्रा मार्ग के लिए केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार के विकास कार्यों पर मुहर लगाने का काम किया है। सीएम धामी ने कहा कि केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस का प्रचार मुख्य रूप से चारधाम यात्रा को कैंचीधाम की ओर मोड़ने, दिल्ली में एक ट्रस्ट की ओर से बनाए जा रहे मंदिर को केदारनाथ धाम से जोड़ने, केदारनाथ मंदिर को दान में मिले सोना पर सवाल उठाने के साथ ही पहाड़ की दो प्रमुख जातियों को आमने सामने रखने पर केंद्रित था। कांग्रेस के प्रदेश स्तरीय नेताओं ने खुलकर इन मुद्दों को हवा दी। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत तमाम नेता मुख्यमंत्री पर हमलावर रहे। कांग्रेस प्रत्याशी मनोज रावत तो यहां तक कह गए कि यह मुकाबला उनके और भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल के बीच नहीं बल्कि ‘धाम’ और ‘धामी’ के बीच है लेकिन जनता ने कांग्रेस का दोव विफल कर दिया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *