February 25, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

देहरादून-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत

देहरादून (उद संवाददाता)। रायवाला क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। दोनों युवकों के शवों को ऋषिकेश एम्स भिजवाया गया है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को डोईवाला के निवासी दलविंदर सिंह और विशाल दोनों छिद्दरवाला में आयोजित एक शादी समारोह में गए हुए थे। शादी में शामिल होने के बाद दोनों युवक बाइक से अपने घर डोईवाला की ओर जा रहे थे। देर रात करीब 11 बजे दून-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर तीन पानी पुलिया के पास उनकी बाइक एक अज्ञात वाहन से टकरा गई। इस हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सड़क पर चलते लोगों ने इस हादसे की जानकारी पुलिस को दी। हादसे की सूचना मिलते ही थाना रायवाला पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तब तक दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को हिरासत में लिया और पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश में भिजवाया। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र चौहान ने बताया कि उन्हें किसी व्यक्ति से बाइक सवार दो युवकों के सड़क पर पड़े होने की सूचना मिली थी। टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी। इस हादसे के बारे में अभी जाँच की जा रही है। दोनों युवकों की पहचान 23 वर्षीय विशाल निवासी बिजनौर यूपी और डोईवाला स्थित चांदमारी निवासी 20 वर्षीय दलविंदर के नाम से हुई है। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों की ओर से तहरीर मिलते ही मामले में आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *