February 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

रामनगर में बाघ का आतंक: घास लेने जंगल गई महिला का ढिकुली क्षेत्र में लहुलुहान शव बरामद

ग्रामीणों ने अधिकारियों से की बाघ को शीघ्र पकड़ने की मांग 
रामनगर (उद संवाददाता)। ग्राम ढिकुली क्षेत्र में जंगल में घास लेने के लिए गई एक महिला पर बाघ ने हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। घटना कॉर्बेट नेशनल पार्क के सर्पदुली रेंज की है। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह ग्राम ढिकुली की 50 वर्षीय महिला कौशल्या देवी अपने ही गांव की कुछ अन्य महिलाओं के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित जंगल में घास लेने के लिए गई थी। इसी बीच बाघ ने जंगल में अचानक कौशल्या देवी पर हमला बोल दिया। कौशल्या देवी की चीख पुकार सुनकर साथ में मौजूद महिलाओं ने साहस दिखाते हुए बाघ के जबड़े में फंसी कौशल्या देवी को छुड़ाने के लिए काफी शोर मचाया लेकिन बाघ महिला को घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया जिसके बाद मौजूद महिलाओं ने गांव में आकर ग्रामीणों को जानकारी दी। सूचना के बाद वन विभाग के अधिकारी कर्मचारी एवं ग्रामीण कौशल्या देवी को खोजने के लिए जंगल में पहुंचे। इस दौरान वन कर्मियों ने हवाई फायरिंग भी की। करीब 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कौशल्या देवी का लहू लुहान हालत में शव बरामद किया गया। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक राहुल मिश्रा ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि जाड़ों के समय जंगल में इस प्रकार की घटनाएं बढ़ जाती है उन्होंने सभी ग्रामीणों से अनावश्यक रूप से जंगल में न जाने की अपील करते हुए कहा कि जिस क्षेत्र में यह घटना हुई है वहां पर बाघ की निगरानी को लेकर कैमरा ट्रैप लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही कर्मचारियों की गस्त भी शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि घटना के सम्बंध में उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है तथा अधिकारियों से निर्देश मिलने के बाद बाघ को पकड़ने की कार्रवाई की जाएगी वही ग्रामीणों ने अधिकारियों से बाघ को शीघ्र पकड़े जाने की मांग की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *