February 26, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कोटद्वार में बरातियों को लेकर लौट रही जीप खाई में गिरी, तीन की मौत, दस लोग घायल

कोटद्वार। उत्तराखंड के कोटद्वार में लैंसडौन तहसील क्षेत्र में बरातियों से भरी जीप 200 फुट गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहन में चालक समेत कुल 15 लोग सवार थे। राजस्व उपनिरीक्षक रंजन बिष्ट और रजिस्ट्रार कानूनगो जयकृष्ण भट्ट ने बताया कि गुनियाल गांव निवासी रोहित गुसाईं की शुक्रवार को शादी थी शाम को दर्दनाक हादसा हो गया।बसड़ा गांव से शाम को दुल्हन की विदाई हुई। इसी दौरान बरातियों से भरी मैक्स जीप सिसल्डी-सिलवाड़ मोटर मार्ग पर नौगांव के पास खाई में जा गिरी।  सूचना पर लैंसडौन की एसडीएम शालिनी मौर्य, पुलिस व एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घायलों को निकालने में स्थानीय छात्रों ने भी सहयोग किया। हादसे में तीन बरातियों मुकेश सिंह ;35 निवासी गुनियाल, दुल्हे की मौसेरी बहन नूतन ;35, धीरज सिंह 65 निवासी गुनियाल की मौत हो गई। जबकि 10 लोग घायल हैं। उन्हें उपचार के लिए बेस अस्पताल कोटद्वार में भर्ती कराया गया है। वाहन में सवार दोनों बच्चे सुरक्षित हैं। लैंसडौन विधायक दिलीप रावत अस्पताल पहुंच समुचित उपचार के निर्देश दिए। घायलों ने बताया कि वाहन चालक शार्टकट रास्ते से गांव लौट रहा था कच्ची सड़क के कारण हादसा हो गया। चर्चा यह भी थी कि चालक ने हादसे से पहले किसी दूसरे व्यक्ति को वाहन चलाने के लिए दे दिया था। जयहरीखाल के जिला पंचायत सदस्य सर्वेश कुकरेती ने बताया कि शाम को जैसे ही जीप के खाई में गिरने की खबर आई। वैसे ही लोग घटनास्थल की ओर दौड़ने लगे। जैसे- तैसे खाई में उतरकर एसडीआरएफ, पुलिस ने घायलों और मृतकों को निकाला। दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत और घायलों की चीख पुकार से पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया। निजी वाहनों और 108 के जरिए घायलों को लेकर बेस अस्पताल पहुंचे परिजनों ने मौके पर जमकर हंगामा किया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी और लैंसडौन के विधायक दिलीप रावत भी अस्पताल में मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *