February 26, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

रामपुर तिराहा गोलीकांड में शहीद हुए राज्य आंदोलनकारियों की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी

रामपुर तिराहा गोलीकांड की 30वीं बरसी पर सीएम धामी शहीद स्थल देहरादून में श्रद्धा सुमन अर्पित कर दी श्रद्धांजलि 
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज शहीद स्थल कचहरी, देहरादून में उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलनकारी शहीदों की पुण्य स्मृति में उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। रामपुर तिराहा गोलीकांड की 30वीं बरसी पर सीएम धामी मुजफ़्फ़रनगर, उत्तर प्रदेश पहुंचे। यहां सीएम धामी ने शहीद राज्य आंदोलनकारियों की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होकर उत्तराखण्ड राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग करने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 2 अक्टूबर 1994 का दिन उत्तराखंड आंदोलन के इतिहास में सदैव पीड़ादायक अध्याय के रूप में याद किया जाएगा। तत्कालीन सरकार ने बर्बरता की सारी सीमाओं को तोड़ते हुए आंदोलनकारियों के साथ अमानवीय व्यवहार किया, यह उत्तराखण्ड के लोगों की आत्मा पर गहरा घाव है।इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उत्तराखंडवासियों की भावनाओं को कुचलने का ये घृणित प्रयास उस समय की सरकार के अहंकार और दमनकारी मानसिकता का परिणाम था। कार्यक्रम के दौरान शहीद स्थल के लिए भूमि दान करने वाले स्व. महावीर शर्मा जी की प्रतिमा का शिलान्यास किया। इसके साथ ही सीएम धामी ने बड़ी घोषणा की। सीएम धामी ने कहा कि शहीद स्थल, रामपुर में गोलीकांड में शहीद हुए राज्य आंदोलनकारियों की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड राज्य प्राप्ति के लिए अपने प्राणों को न्योछावर करने वाले सभी राज्य आन्दोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने नये राज्य के लिए अनेक सपने देखे थे। उनके सपनों के अनुरूप उत्तराखण्ड राज्य बनाने की दिशा में राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उत्तराखण्ड को देश का आदर्श राज्य बनाने की दिशा में हर क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दशक को उत्तराखण्ड का दशक बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। जन अपेक्षाओं के अनरूप उत्तराखण्ड का विकास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *