February 26, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

उत्तराखंड में नये मुख्य सचिव की ताजपोशी की चर्चायें तेज

राज्य सरकार ने सीएस राधा रतूड़ी के सेवा विस्तार के लिए फिर केंद्र को भेजा पत्र,आईएएस आनंद वर्धन का नाम भी चर्चाओं में
देहरादून(उद ब्यूरो)। उत्तराखंड में अफसरशाही का अगला मुखिया कौन होगा इसे लेकर उत्तराखंड के पॉवर कॉरिडोर्स में चर्चाए जोरों पर हैं। राधा रतूड़ी को फिर एक बार सेवा विस्तार मिल जाएगा या फिर किसी और अफसर के सिर पर अफसरों के सरताज होने का ताज सजेगा ये सवाल पूछा जा रहा है। इसको लेकर इन दिनों प्रदेश में चर्चाओं के बाजार गर्म हैं। राज्य की मुख्य सचिव राधा रतूड़ी का कार्यकाल 30 सितंबर को पूरा होने जा रहा है। ऐसे में अब चर्चा होने लगी है कि अगला मुख्य सचिव कौन होगा ? आखिर कौन वो अफसर होगा जिसे ये बड़ी जिम्मेदारी दी जाएगी। जहां एक ओर ऐसा कहा जा रहा है कि नया मुख्य सचिव प्रदेश से ही बनाया जाएगा। वो वहीं सवाय ये भी उठ रहा है कि कहीं ऐसा तो नहीं कि देहरादून में बैठी अफसरशाही को दिल्ली से आया कोई बड़ा अफसर संभालेगा या फिर मैडम सीएस को ही फिर एक बार सेवा विस्तार दे दिया जाएगा। नए मुख्य सचिव बनाए जाने को लेकर जहां चर्चाएं तेज हो चली हैं तो वहीं इसी बीच ये सवाल भी उठ रहा है कि क्या सीएस राधा रतूड़ी को एक बार फिर से सेवा विस्तार मिलने जा रहा है। अधिकारियों के गलियारों से आती खबरें बता रही हैं कि फिलहाल सरकार और खुद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अफसरशाही का मुखिया बदलने के मूड में नहीं दिख रहें हैं। यही वजह है कि सरकार ने राधा रतूड़ी का कार्यकाल बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार को खत लिखा है। ऐसे में इस बात की संभावना और भी प्रबल हो जाती है कि राधा रतूड़ी ही मुख्य सचिव का कामकाज संभालती रहेंगी। सूत्र ये भी बताते हैं कि राधा रतूड़ी को कम से तीन महीने का कार्यकाल विस्तार मिलना तय है और इस संबंध में केंद्र को कोई आपत्ति नहीं है। ऐसे में इस साल के अंत तक राधा रतूड़ी ही राज्य की मुख्य सचिव बनी रहेंगी। अगर राधा रतूड़ी को सेवा विस्तार नहीं मिलता है कि तो उत्तराखंड में मौजूदा समय सिर्फ एक ऐसा अफसर ही दिखता है जिसका नाम अगले मुख्य सचिव के तौर पर चर्चाओं में है और ये नाम आनंद वर्धन का है। 1988 बैच की आईएएस राधा रतूड़ी के बाद वरिष्ठता के क्रम में देखें तो आनंद वर्धन का ही नाम सबसे उपर आता है। 1992 बैच के आईएएस अधिकारी वर्धन जून 2027 में रिटायर होंगे। ऐसे में उनके पास अभी सेवाकाल की लंबी अवधि है। वहीं अगर बात करें दिल्ली से किसी को लाने की तो फिलहाल दिल्ली या कहीं और उत्तराखंड से प्रतिनियुक्ति पर गया कोई और सीनियर आईएएस नहीं दिखता है जिसे मुख्य सचिव बनाकर राज्य में लाया जा सके। बताया ये भी जा रहा है कि अगले साल के शुरु में आनंद वर्धन मुख्य सचिव के पद पर बैठेंगे और अफसरशाही की कमान संभालेंगे। इसके साथ ही राधा रतूड़ी रिटायरमेंट के बाद किसी आयोग का कामकाज संभाल सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *