February 26, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

एसटीएफ उत्तराखंड ने ऋषिकेश से बिहार और झारखंड में 11 हत्याओं के कुख्यात आरोपी को किया गिरफ्तार

ऋषिकेश (उद संवाददाता)। बिहार और झारखंड में 11 हत्याओं के कुख्यात आरोपी को एसटीएफ उत्तराखंड ने ऋषिकेश से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर हत्या, रंगदारी, लूट समेत कई मामलों में 27 मुकदमे दर्ज हैं। उस पर बिहार पुलिस ने दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। बिहार पुलिस पिछले दो साल से आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास कर रही थी। उत्तराखंड एसटीएफ के नवनियुक्त एसएसपी नवनीत भुल्लर ने बताया कि बिहार एसटीएफ की सूचना पर हत्या समेत कई मामलों में फरार दो लाख के इनामी आरोपी रंजीत चौधरी निवासी बेलापुर थाना उदवंत नगर जिला बिहार को ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ बिहार और झारखंड में 27 मुकदमे दर्ज हैं। इसमें 11 रंजिशन हत्या, सुपारी लेकर हत्या और 16 मुकदमे लूट, रंगदारी, फिरौती, हत्या के प्रयास के हैं। आरोपी ने दो साल पहले ही पटना के रनिया थाने के बाहर एक खनन व्यापारी की गोली मारकर हत्या की थी। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए बिहार पुलिस ने एक विशेष कार्यबल दस्ता राज्य स्तर पर बनाया था। गिरफ्तारी के समय आरोपी होटल में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ठहरा था। इसी सूचना पर एसटीएफ ने लक्ष्मणझूला पुलिस के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ साल पहले गांव में रंजिशन उसके भाई और पिता की हत्या कर दी गई थी। बदला लेने के लिए उसने पिता-भाई की हत्या में शामिल लोगों की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने सुपारी लेकर हत्या करना शुरू कर दिया और जिला भोजपुर व झारखंड में खनन का काम करने लगा। इस दौरान भी उसने कई लोगों की हत्या की और कई की हत्या के प्रयास किये। इसके अलावा आरोपी रंगदारी और फिरौती के लिए अपहरण भी करने लगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *