February 27, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

उत्तराखंड में भी डॉक्टर हड़ताल पर,मरीज परेशान: कोलकाता काण्ड के खिलाफ चौबीस घंटे कार्य बहिष्कार पर गये निजी और सरकारी चिकित्सक

देहरादून/रूद्रपुर/हल्द्वानी/गदरपुर/ किच्छा/ सितारगंज(उद ब्यूरो)। कोलकाता में रेजिडेंट महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म व हत्या के विरोध में उत्तराखंड में भी प्रदेशभर के डॉक्टर 24 घंटे कार्य बहिष्कार पर चले गये। इससे अस्पतालों में ओपीडी की सेवाएं ठप हो गयी। हालांकि इमरजेंसी, पोस्टमार्टम व वीआईपी डयूटी के लिए डॉक्टरों की सेवाएं यथावत हैं। डॉक्टरों ने जगह जगह विरोध प्रदर्शन किये। प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ के अध्यक्ष डॉ. मनोज वर्मा ने कहा कि सुबह छह बजे से रविवार सुबह छह बजे तक 24 घंटे का कार्य बहिष्कार किया जाएगा। सभी अस्पतालों के डॉक्टर ओपीडी और सर्जरी नहीं करेंगे। पूर्व की भांति इमरजेंसी सेवाएं चलती रहेगी। संघ ने सीएम को ज्ञापन भी प्रेषित किया। जिसमें सरकार के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी से हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने अवगत कराया कि प्रदेश के जिला, उप जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर व नर्सिंग स्टाफ चौबीस घंटे सेवाएं देते हैं। लेकिन, रात्रि ड्यूटी के दौरान महिला डॉक्टर और नर्सों की सुरक्षा के लिए ठोस उपाय नहीं है। अस्पतालों में डयूटी रूम तक नहीं है। वहीं डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने भी हड़ताल का समर्थन किया। सभी फार्मासिस्ट भी काला फीता बांधकर विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *