February 27, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

उत्तराखंड के कांग्रेस नेताओं की एआईसीसी मुख्यालय में होगी बैठकः चुनावी रणनीति पर मंथन किया जाएगा

देहरादून(उद संवाददाता)। प्रदेश में कांग्रेस में नए सिरे से जान फूंकने की तैयारी है। दो विधानसभा क्षेत्रों में हुए उपचुनाव के परिणाम पक्ष में आने के बाद पार्टी का मनोबल बढ़ा है। पार्टी के सामने अब प्रदेश में नगर निकाय चुनाव के साथ ही केदारनाथ उपचुनाव की चुनौती है। इसे देखते हुए प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी, विधानमंडल दल के साथ ही पूर्व विधायकों, पूर्व मंत्रियों एवं पूर्व सांसदों की गुरुवार को नई दिल्ली में बैठक बुलाई है। कांग्रेस नेतृत्व उत्तराखंड में पार्टी के जनाधार को लेकर चिंतित है। लोकसभा चुनाव में पार्टी को प्रदेश की सभी पांचों सीट पर पराजय मिली थी। हार के कारणों पर मंथन के लिए पार्टी नेतृत्व की ओर से पीएल पूनिया समिति गठित की गई। पूर्व सांसद पीएल पूनिया गत माह तीन दिवसीय भ्रमण पर उत्तराखंड आए थे। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत पार्टी के समस्त विधायकों, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, पूर्व विधायकों एवं पूर्व सांसदों से अलग-अलग भेंट कर लोकसभा चुनाव में हार के कारणों पर फीडबैक लिया। वरिष्ठ नेता पीएल पूनिया के दौरे के बाद कांग्रेस नेतृत्व के निर्देश पर प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने गुरुवार को प्रदेश संगठन, विधानमंडल दल समेत तमाम नेताओं की बैठक नई दिल्ली में एआइसीसी मुख्यालय में बुलाई है। बैठक में प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेता सम्मिलित होंगे। वहीं बदरीनाथ और मंगलौर विस उपचुनाव में मिली जीत से कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है। अब कांग्रेस के सामने आगामी निकाय चुनाव और केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने की चुनौती है। इसके लिए पार्टी तैयारियों में जुट गई है। प्रदेश प्रभारी शैलजा कुमारी ने आठ अगस्त को दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस चुनाव कमेटी की बुलाई है। जिसमें चुनावी रणनीति पर मंथन किया जाएगा। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व सीएम हरीश रावत, विधायक प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मंत्री नवप्रभात, शूरवीर सिंह सजवाण, पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *