Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता की अनुसंधान रिपोर्ट हुई सार्वजनिक….सीएम पुष्कर सिंह धामी ने खुशी जताई

देहरादून । उत्तराखंड में आज जारी हुई समान नागरिक संहिता (UCC) समिति की रिपोर्ट पर उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि जनता ने हमें इस काम के लिए अपना वोट दिया है। वे बोले, “राज्य की जनता ने हमें इसी काम के लिए चुना था, मैं उत्तराखंड की जनता को बधाई देता हूं कि यहां ऐतिहासिक समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू होने के बाद कानूनों में कई जटिलताएं आसान हो जाएंगी, लोगों को आसानी से न्याय मिल सकेगा, सभी के लिए एक समान व्यवस्था लागू होगी…।” इस रिपोर्ट को नियम एवं क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह ने शुक्रवार को देहरादून में जारी कर दी है। उन्होंने बताया, “समान नागरिक संहिता, उत्तराखंड, 2024 की विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट पढ़ने के लिए आप वेबसाइट https://ucc.uk.gov.in पर जा सकते हैं। यह 4 खंडों में उपलब्ध है।” उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) की नींव रखने से पहले भारत के वैदिक काल से लेकर संविधान सभा के गठन तक गहन अनुसंधान किया गया था। साथ ही देश-विदेश में अलग-अलग समय में लागू रहे विभिन्न धर्मों के पर्सनल लॉ का आम लोगों के जीवन पर क्या असर रहा, जैसे मुद्दों पर भी विस्तृत अनुसंधान किया गया था। इसके आधार पर उत्तराखंड सरकार ने यूसीसी का कानून तो पारित कर दिया लेकिन उस अनुसंधान रिपोर्ट को अभी तक पर्दे में रखा था। यूसीसी की बुनियाद में रही उस अनुसंधान रिपोर्ट को आज सार्वजनिक कर दिया गया है। सरकार यूसीसी कानून और पोर्टल को लागू करने से पहले अनुसंधान रिपोर्ट को जनता के सामने लाना चाहती थी, ताकि आम लोगों को उन तथ्यों से रूबरू कराया जा सके, जिनकी वजह से यूसीसी कानून पारित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *