Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बदरीनाथ हाईवे बंद होने से फंसी पोलिंग पार्टियां,हेलिकॉप्टर से पहुंचाया जा रहा गोपेश्वर

देहरादून। बदरीनाथ और मंगलौर विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव खत्म हो गए हैं। पोलिंग पार्टियों को चुनाव संपन्न कराने के बाद गोपेश्वर पहुंचना था। लेकिन जोशीमठ में सड़क मार्ग बंद होने के चलते पोलिंग पार्टियों वापसी नहीं कर सकी। गुरुवार को पोलिंग पार्टियों को मतदान सामग्री की साथ जोशीमठ से हेलिकॉप्टर से गोपेश्वर पहुंचाया जा रहा है। बता दें दूरस्थ मतदेय स्थल द्रोणागिरी, जुम्मा, कोषा और अरूडी पटूडी की पोलिंग पार्टियों के लिए हेलिकॉप्टर मंगवाया गया है। हाईवे बंद हुए आज तीसरा दिन है। लेकिन रुक-रुक कर पहाड़ों से बोल्डर नीचे आ रहे हैं। जिसके कारण हाईवे को खोलने में दिक्कत हो रही है।
उत्तराखंड में दो विधानसभा उपचुनावों में मंगलौर में 68.24 प्रतिशत और बदरीनाथ में 51.43 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया था। बदरीनाथ हाईवे बंद होने की वजह से बुधवार को मतदान संपन्न होने के बाद 40 पोलिंग पार्टियां स्ट्रांग रूम तक ईवीएम नहीं पहुंचा पाईं। चुनाव आयोग ने इन्हें पोलिंग बूथों पर ही रोक दिया है। पोलिंग पार्टियों को यहां पांच किमी पैदल चलना पड़ेगा। यह आधा हिस्सा जंगल से लगा हुआ है। एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ट ने बताया कि पैदल रास्ते की वजह से उन्हें यहीं रोका गया है। वहीं, मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ.बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि सभी पोलिंग पार्टियों को बूथों पर ही सुरक्षित रखा गया है। बृहस्पतिवार की शाम तक सड़क मार्ग से ही सभी पार्टियां गोपेश्वर पहुंच जाएंगी। आपको बता दें कि मतदान के लिए रवानगी के बाद भी पोलिंग पार्टियां यहां फंस गई थीं।
मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार गुरुवार को राजधानी देहरादून, नैनीताल, उधमसिंह नगर और चंपावत जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। बाकी अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही लोगों से भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में ना जाने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *