Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

‘योगी’ ने हाथ पकड़कर अपनी ‘मांताजी’ से पूछी कुशलक्षेम

एम्स ऋषिकेश में भर्ती मां सावित्री देवी से मिले सीएम योगी आदित्यनाथ
ऋषिकेश(उद संवाददाता)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एम्स में भर्ती अपनी बूढ़ी मां सावित्री देवी से मिलने पहुंचे और उन्होंने मां के स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान कई वर्षो के बाद अपनी मां से हुई मुलाकात पर सीएम योगी बेहद प्रसन्न भाव से वार्तालाप कर भावविभोर हो गये। उन्होंने बेड पर बैठी अपनी माताजी का हाथ पकड़कर कुशलक्षेम पूछी और जल्द ठीक होकर घर लौटने की कामना की।वहीं सीएम योगी की अपनी माताजी से हुई मुलाकात की कई तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर खूब पोस्ट कर रह है। सीएम योगी पूर्व में भी अपने गांव पंचार आए थे। रविवार दोपहर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ हेलीकॉप्टर से एम्स ऋषिकेश के हैलीपैड पर उतरे। यहां सीएम योगी आदित्यनाथ का हरिद्वार लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत व एम्स की कार्यकारी निदेशक प्रो. नीतू सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। इसके बाद सीएम योगी सबसे पहले एम्स में छठवीं मंजिल पर वद्धाावस्था विभाग (जिरियाट्रिक वार्ड में भर्ती हुई अपनी मां सावित्री देवी से मिलने पहुंचे। यहां सीएम योगी ने चिकित्सकों से मां की नेत्र संबंधी समस्या एवं स्वास्थ्य और उपचार से जुड़ी आवश्यक जानकारी ली। सीएम योगी मां के वार्ड में काफी समय बिताया। वह करीब 30 मिनट तक वार्ड में भीतर रहे। इसके बाद सीएम योगी ट्रामा सेंटर में भर्ती रुद्रप्रयाग हादसे के घायलों का हाल जानने पहुंचे। उन्होंने कई उपचाराधीन घायलों के पास पहुंचकर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। इस दौरान सीएम योगी ने एम्स कार्यकारी निदेशक प्रो. नीतू सिंह से सभी घायलों को बेहतर उपचार देने को कहा।बता दें कि सीएम योगी की मां को जीरियाट्रिक वार्ड में भर्ती कराया गया है। इसी महीने वह दूसरी बार भर्ती हुई हैं। एम्स प्रशासन के अनुसार सावित्री देवी पिछली बार आंखों में संक्रमण की दिक्कत हुई थी। एम्स ऋषिकेश के पीआरओ संदीप कुमार ने कहा कि सावित्री देवी का चिकित्सक बेहतर देखरेख कर रहे हैं। शनिवार को उनसे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मिलने आए थे। इस अवसर पर राज्य महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, निवर्तमान महापौर अनीता ममगाईं, जिलाधिकारी देहरादून सोनिका, एसएसपी देहरादून अजय सिंह, एसडीएम ऋषिकेश कुमकुम जोशी व कई अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *