February 27, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

दिल्ली से आया बुलावा…मोदी कैबिनेट में अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

देहरादून (उद संवाददाता)। अल्मोड़ा सीट से सांसद अजय टम्टा को केंद्र में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। बताया जा रहा है कि अजय टम्टा को दिल्ली से बुलावा आया है। हालांकि वह केंद्र में मंत्री बनेंगे या राज्य मंत्री यह अभी स्पष्ट नहीं है। अजय टम्टा रविवार को प्रधानमंत्री आवास पर आयोजित बैठक में भी शामिल हुए। बता दें पिछली बार मोदी सरकार में नैनीताल उधम सिंह नगर सीट से सांसद अजय भट्ट को केन्द्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री का दायित्व सौंपा गया था। इस बार चर्चा है कि उत्तरा खण्ड की अल्मोड़ा सीट के सांसद अजय टम्टा को केन्द्र में जिम्मेवारी मिल सकती है। अजय टम्टा पिछली बार भी मंत्री पद की दौड़ में शामिल थे। अल्मोड़ा संसदीय सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित रही है और इस सीट पर ने इस बार इस सीट पर जीत की हैट्रिक लगायी है। लोकसभा चुनाव में अजय की लगातार तीसरी जीत ने उनका कद बढ़ाने का काम किया है और वह एक कुशल राजनीतिज्ञ की श्रेणी में शामिल हो गए हैं। लगातार तीसरी बार सांसद चुने गए अजय टम्टा ने 23 वर्ष की उम्र में राजनीतिक कैरियर की शुरुआत की। अपने अब तक के राजनीतिक जीवन में उन्होंने नौ बार चुनाव लड़ा और छह में जीत दर्ज कर अपने को राजनीति में स्थापित किया। वर्ष 1996 में जिला पंचायत सदस्य के रूप में उनकी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत हुई। इसी वर्ष वह जिला पंचायत उपाध्यक्ष चुने गए। वर्ष 1999 से 2000 तक जिला पंचायत अध्यक्ष रहे और तब उन्होंने सबसे कम उम्र का जिपं अध्यक्ष बनने का रिकार्ड बनाया। 2002 में सोमेश्वर सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पहला विधानसभा चुनाव लड़ा लेकिन उन्हें जीत नहीं मिली। 2007 में भाजपा के टिकट पर फिर से विस का चुनाव लड़ा और देहरादून पहुंचे। 2009 में पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ा लेकिन जीत की दहलीज तक पहुंचने से चूक गए। 2012 में सोमेश्वर सीट से ही विधानसभा तक का सफर तय किया। पार्टी ने वर्ष 2014 में उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें लोकसभा चुनाव के लिए मैदान में उतारा इस पर वह खरे उतरे। 2019 के लोकसभा चुनाव में रिकार्ड मतों से लगातार दूरी जीत दर्ज की। 2024 के चुनाव में भी परिणाम उनके और पार्टी के पक्ष में आए हैं और इस सीट पर वह जीत की हैट्रिक लगाने वाले तीसरे सांसद बने हैं। सांसद अजय टम्टा फिलहाल दिल्ली में हैं उन्होंने आज शपथ से पूर्व प्रधानमंत्री आवास पर आयोजित चाय पर चर्चा मीटिंग में भी हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *