February 27, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

दो दिन से लापता बुजुर्ग का शव जंगल में पड़ा मिला

लालकुआं(उद संवाददाता)। दो दिनों से लापता बिंदुखत्ता निवासी बुजुर्ग का संदिग्ध परिस्थितियों में लालकुआँ नगर के डॉर्बी फील्ड के समीप शव बरामद हुआ है। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस और टांडा रेंज के वनकर्मी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गये। वहीं भारी संख्या में स्थानीय लोग भी शव के आसपास एकत्रित थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की प्रातः 9ः30 बजे नगर से लगे टांडा रेंज में स्थित डॉर्बी फील्ड के समीप प्रातः मॉर्निंग वॉक करने वाले युवकों ने एक शव पड़ा देखा, जिसकी सूचना वन विभाग और उसके बाद कोतवाली पुलिस को दी गई, सूचना पर पहुंचे वरिष्ठ उप निरीक्षक हरेंद्र सिंह नेगी ने शव की जांच शुरू कर दी है। वही वरिष्ठ उप निरीक्षक नेगी ने बताया कि मृतक व्यक्ति बहादुर सिंह दसौनी उम्र 60 वर्ष संजय नगर प्रथम बिंदुखत्ता के निवासी हैं, जो कि गत 6 जून की दोपहर से घर से लापता थे। उनकी गुमशुदगी गत दिवस लालकुआं कोतवाली में दर्ज की गई है, संदिग्ध परिस्थितियों में टांडा के जंगल में शव पड़े होने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। भारी संख्या में लोग मृतक को देखने के लिए मौके पर पहुंच गए । वहीं मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच चुके थे। उन्होंने बताया कि मृतक बहादुर सिंह दसौनी के दो पुत्र एवं तीन पुत्रियां हैं, सभी का विवाह हो चुका है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *