October 20, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

न्यूज प्लेटफॉर्म की आड़ में ब्लैकमेलिंग,एक गिरफ्तार

प्रॉपर्टी कारोबारी से पांच लाख रुपये मांगे
देहरादून (उद संवाददाता)। राजधानी में न्यूज प्लेटफॉर्म की आड़ में कथित ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली का मामला सामने आया है। पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने प्रॉपर्टी कारोबारी से पांच लाख रुपये मांगने और 50 हजार रुपये लेने के आरोप में अनुज अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी खुद को न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताकर संपत्ति विवाद से जुड़ी खबरें प्रसारित करने और कारोबारी को बदनाम करने की धमकी दे रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद की है। उसके मोबाइल फोन में कथित गोपनीय वीडियो मिलने की बात भी सामने आई है, जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, आजाद कॉलोनी माजरा निवासी तनवीर खान ने 19 अक्टूबर 2026 को पटेलनगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि चांचक क्षेत्र की एक संपत्ति को लेकर उनका कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। इसी बीच एक व्यक्ति ने व्हाट्सएप के माध्यम से उनसे संपर्क किया और खुद को न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताया। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने संपत्ति विवाद से जुड़ी खबरें अपने न्यूज प्लेटफॉर्म पर प्रसारित करने और कारोबारी को बदनाम करने की धमकी दी। खबरें प्रसारित नहीं करने के एवज में पांच लाख रुपये की मांग की गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, डर के चलते उन्होंने आरोपी के बताए एक्सिस बैंक खाते में 50 हजार रुपये स्थानांतरित कर दिए। इसके बाद भी शेष रकम की मांग की गई। रुपये नहीं देने पर गाली गलौज और धमकियां देने का आरोप है। पीड़ित ने पुलिस को व्हाट्सएप चौट के स्क्रीनशॉट और बैंक लेनदेन के प्रमाण भी उपलब्ध कराए। शिकायत के आधार पर पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई और साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए। जांच के दौरान शिकायतकर्ता से संपर्क करने वाले व्यक्ति की पहचान अनुज अग्रवाल के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने पटेलनगर क्षेत्र में आईएसबीटी के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, 46 वर्षीय अनुज अग्रवाल मूल रूप से बिजनौर, उत्तर प्रदेश का निवासी है और वर्तमान में देहरादून के क्लेमेंट टाउन क्षेत्र स्थित द्वारिकापुरी में रह रहा था। पुलिस ने उसे पटेलनगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर भी बताया है। पुलिस के अनुसार, अनुज अग्रवाल के खिलाफ पटेलनगर कोतवाली में पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उपलब्ध रिकॉर्ड में वर्ष 2010 से 2017 के बीच दर्ज मामले शामिल हैं। इसके अलावा मध्य प्रदेश में चार, पंजाब में एक, ओडिशा में एक और गुजरात में एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस संबंधित राज्यों से इन मामलों का विस्तृत ब्योरा जुटा रही है।देहरादून पुलिस के अनुसार, मामले में कथित ब्लैकमेलिंग, बैंक खाते में हुए लेनदेन और बरामद डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *