अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस में आक्रोश, वीआईपी को बचाने का आरोप
देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस में आक्रोश है। शनिवार सायं प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने देहरादून में प्रदर्शन किया और कैंडल मार्च निकाला। कैंडल मार्च में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि अंकिता की हत्या केवल एक अपराध नहीं, बल्कि भाजपा की सत्ता-संरक्षित व्यवस्था द्वारा की गई न्याय की सुनियोजित हत्या है। यह शर्मनाक है कि एक बेटी की जान जाने के बाद भी भाजपा सरकार आरोपियों को बचाने में लगी रही। उन्होंने मामले में सीबीआई जांच की मांग की। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम और भाजपा विधायक रेणु बिष्ट की भूमिका पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, लेकिन आज तक इनकी निष्पक्ष जांच तक नहीं कराई गई। आखिर भाजपा किससे और क्यों डर रही है? गोदियाल ने सवाल उठाया कि जब भाजपा के अपने ही लोग ‘वीआईपी’ संरक्षण की बात सार्वजनिक रूप से कह रहे हैं, तो फिर भाजपा सरकार सीबीआई जांच से क्यों भाग रही है? । गोदियाल ने दो टूक कहा कि दोषी चाहे कितना भी ताकतवर क्यों न हो, उसे कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी तब तक चैन से नहीं बैठेगी जब तक अंकिता को पूर्ण न्याय नहीं मिल जाता। दुष्यंत गौतम और रेणु बिष्ट की तत्काल गिरफ्रतारी हो। इस पूरे हत्याकांड की सर्वोच्च न्यायालय के सिंटिंग न्यायाधीश की निगरानी में सीबीआई जांच कराई जाए। किसी भी वीआईपी, राजनीतिक दबाव या सत्ता संरक्षण को जांच से दूर रखा जाए। वहीं अल्मोड़ा में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंकिता के आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकाला। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार शाम को अंकिता के हत्यारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए चौघानपाटा से शहीद स्थल तक कैंडल मार्च निकाला और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कैंडल मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने अंकिता को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अंकिता हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है, लेकिन अब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिल पाया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है और मामले में न्यायिक प्रक्रिया में देरी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक अंकिता को न्याय नहीं मिलता और दोषियों को सख्त सजा नहीं दी जाती, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।


